प्रश्न: यद्यपि अमेरिकी क्रांति ने संयुक्त राज्य अमेरिका का निर्माण किया, लेकिन गृह-युद्ध (1861-1865) ने निर्धारित किया कि यह किस प्रकार का राष्ट्र होगा। विवेचना कीजिए।
Que. While the American Revolution created the United States, the Civil War (1861-1865) determined what kind of nation it would be. Discuss.
दृष्टिकोण(i) अमेरिकी क्रांति के बारे में संक्षेप में टिप्पणी करते हुए उत्तर आरंभ कीजिए। (ii) अमेरिकी क्रांति के उन परिणामों की व्याख्या कीजिए जिन्होंने संयुक्त राज्य अमेरिका का निर्माण किया। (iii) तत्पश्चात उन अनसुलझे मुद्दों का उल्लेख कीजिए जिनके कारण गृह-युद्ध हुआ। (iv) गृह-युद्ध के उन परिणामों पर चर्चा कीजिए जिन्होंने यह निर्धारित किया कि संयुक्त राज्य अमेरिका किस प्रकार का राष्ट्र बनेगा। (v) तदनुसार निष्कर्ष प्रस्तुत कीजिए। |
परिचय
अमेरिकी क्रांति, ब्रिटिश शासन से स्वतंत्रता के लिए एक संघर्ष था। यह क्रांति प्रतिनिधित्व के बिना कर नहीं, स्वशासन और व्यक्तिगत स्वतंत्रता जैसी मांगों से प्रेरित थी। इस क्रांति के परिणामस्वरूप वर्ष 1776 में अमेरिका की स्वतंत्रता के घोषणापत्र पर हस्ताक्षर किए गए और इसके बाद संयुक्त राज्य अमेरिका की स्थापना हुई।
अमेरिकी क्रांति के परिणाम
1. वर्ष 1776-77 में, संयुक्त राज्य अमेरिका में सरकार की एक नई योजना प्रदान करने के लिए आर्टिकल्स ऑफ कन्फेडरेशन का निर्माण किया गया और उसे अपनाया गया था।
2. आर्टिकल्स ऑफ कन्फेडरेशन के तहत कमजोर केंद्रीय सरकार की समस्याओं का समाधान करने के लिए, वर्ष 1787 में फिलाडेल्फिया में संवैधानिक सम्मेलन आयोजित किया गया था। इस सम्मेलन द्वारा निर्मित संयुक्त राज्य अमेरिका का संविधान वर्ष 1789 में लागू हुआ।
3. इस संविधान ने संघीय प्रणाली के साथ सरकार का एक लोकतांत्रिक स्वरूप स्थापित किया। इसके तहत संघीय और राज्य सरकारों के बीच शक्तियों का विभाजन किया गया।
4. इसके अतिरिक्त, वर्ष 1791 में अमेरिकी संविधान में दस संशोधन किए गए। इन संशोधनों में बिल ऑफ राइट्स पेश किया गया। इस विधेयक ने वाक्, प्रेस और धर्म की स्वतंत्रता जैसे महत्वपूर्ण अधिकार प्रदान किए।
इस प्रकार, अमेरिकी क्रांति के परिणामस्वरूप एक लिखित संविधान के साथ संयुक्त राज्य अमेरिका का गठन हुआ। हालांकि स्वतंत्रता की घोषणा (1776) में समानता और स्वतंत्रता पर जोर दिया गया था। इसके बावजूद भी बिल ऑफ राइट्स द्वारा दास-प्रथा के मुद्दे का समाधान नहीं किया गया था।
अतः उत्तरी और दक्षिणी राज्यों के बीच संघर्ष शुरू हुआ, जिसकी परिणति गृह-युद्ध (1861-65) के रूप में हुई
1. यह गृह-युद्ध दास-प्रथा को प्रतिबंधित करने की राष्ट्रीय सरकार की शक्ति को लेकर उत्तर और दक्षिण के बीच मतभेदों के कारण शुरू हुआ। यह मतभेद उन क्षेत्रों को लेकर था जो अभी तक राज्य नहीं बने थे।
2. वर्ष 1860 में अब्राहम लिंकन निर्वाचित हुए। उन्होंने नए क्षेत्रों को दास प्रथा से मुक्त रखने की प्रतिज्ञा की थी। परिणामस्वरूप दक्षिण के दास-प्रथा वाले सात राज्यों ने पृथक होकर एक नए राष्ट्र, कॉन्फेडरेट स्टेट्स ऑफ अमेरिका का गठन किया।
3. लिंकन प्रशासन और उत्तरी राज्यों के लोगों ने इस पृथक्करण को अवैध करार दिया क्योंकि इससे अंततः संयुक्त राज्य अमेरिका का विघटन हो जाता।
4. अंततः, 12 अप्रैल, 1861 को कॉन्फेडरेट सेना द्वारा चार्ल्सटन खाड़ी में फोर्ट समटर पर गोलीबारी करने के साथ ही गृह-युद्ध शुरू हो गया। यह गृह-युद्ध चार वर्ष तक चला।
गृह-युद्ध में उत्तरी राज्यों की जीत से महत्वपूर्ण परिणाम सामने आए जिन्होंने यह निर्धारित किया कि संयुक्त राज्य अमेरिका किस प्रकार का राष्ट्र बनेगा
1. संघ का संरक्षणः गृह-युद्ध का सबसे तात्कालिक परिणाम एक राष्ट्र के रूप में संयुक्त राज्य अमेरिका को संरक्षित किया जाना था। संघ की जीत ने इस अवधारणा को मजबूत किया कि राज्य केवल अपनी इच्छा से संघ से पृथक नहीं हो सकते हैं।
2. दास प्रथा का उन्मूलनः मुक्ति उद्घोषणा (1863) और 1865 में संविधान में तेरहवें संशोधन के अनुसमर्थन ने आधिकारिक तौर पर दास प्रथा का अंत कर दिया। इससे देश समानता और स्वतंत्रता के अपने आदर्शों को प्राप्त करने के और करीब पहुंच गया।
3. नागरिक अधिकार संघर्षः हालांकि गृह-युद्ध ने दास प्रथा का अंत कर दिया, किंतु अफ्रीकी अमेरिकियों द्वारा नागरिक अधिकारों और समानता के लिए संघर्ष पुनर्निर्माण युग (1865-77) और उसके बाद भी जारी रहा।
निष्कर्ष
गृह-युद्ध ने संयुक्त राज्य अमेरिका की एक एकल राजनीतिक इकाई के रूप में पुष्टि की। इसके परिणामस्वरूप चार मिलियन से अधिक अमेरिकी दासों को आजादी मिली। साथ ही, एक अधिक शक्तिशाली और केंद्रीकृत संघीय सरकार की स्थापना हुई और 20वीं शताब्दी में विश्व शक्ति के रूप में अमेरिका के उद्भव की नींव रखी गई।